माफिया अतीक अहमद के ड्राइवर आफाक अहमद (56) ने सुसाइड कर लिया।

शनिवार को प्रयागराज में ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आफाक अहमद उमेश पाल हत्याकांड में एनकाउंटर में मारे गए शूटर अरबाज का पिता था। परिवार वालों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बेटे की मौत के बाद से वह डिप्रेशन में चल रहे थे।
आफाक अहमद प्रयागराज के पूरामुफ्ती क्षेत्र के सल्लाहपुर गांव के रहने वाले थे। शनिवार सुबह किसी काम से पावन गांव गए थे। वहां से दोपहर करीब दो बजे घर लौट रहे थे। रास्ते में दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर कुसुवां क्रासिंग के पास आ रही मालगाड़ी के आगे कूद गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
शव की पहचान होने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पूरामुफ्ती पुलिस भी मौके पर पहुंचीं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि माफिया अतीक अहमद जब सांसद थे तो आफाक कार चलाता था। बेटा अरबाज भी अतीक अहमद के लिए काम करने लगा।
पूरामुफ्ती थाना प्रभारी मनोज सिंह के मुताबिक, आफाक अतीक की गाड़ी चलाता था। बाद में उसका बेटा अरबाज अतीक के बेटे असद की गाड़ी चलाता था। परिवार ने बताया कि आफाक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था।
बेटे की मौत के बाद से आफाक टूट गया था। जांच और कोर्ट के चक्कर की वजह से वह इन दिनों परेशान था। इसी वजह से उसने जान दे दी।
Author: SPP BHARAT NEWS



