Home » उत्तरप्रदेश/बिहार/मध्य प्रदेश/छ.ग. » समर कैम्प: मस्ती और सीख का अनूठा संगम – छात्रों ने मिट्टी से रचे मोबाइल फोन और कलात्मक बर्तन

समर कैम्प: मस्ती और सीख का अनूठा संगम – छात्रों ने मिट्टी से रचे मोबाइल फोन और कलात्मक बर्तन

समर कैम्प: मस्ती और सीख का अनूठा संगम – छात्रों ने मिट्टी से रचे मोबाइल फोन और कलात्मक बर्तन

लखनऊ। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित समर कैम्प में बच्चों की प्रतिभा खूब निखर रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक, लखनऊ, श्री राकेश कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में राजकीय हाईस्कूल, मस्तेमऊ, गोसाईगंज, लखनऊ में 21 मई से 10 जून तक चल रहे इस शिविर के तीसरे दिन छात्रों ने रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दिन की शुरुआत योग, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार के साथ हुई, जिसने छात्रों में मानसिक और शारीरिक ऊर्जा का संचार किया। इसके बाद ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ थीम पर आकर्षक रंगोली बनाई गई। प्रधानाचार्य श्रीमती कुसुम वर्मा और शिक्षिका श्रीमती अर्चना के निर्देशन में छात्रों ने माटी कला की बारीकियों को सीखा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

छात्रा पायल ने मिट्टी से गणेश, मूषक और शिवलिंग की सुंदर आकृतियाँ बनाईं, जबकि लक्ष्मी, महक और जन्नत ने मिलकर आकर्षक फूलदान तैयार किया। लड़कों ने भी उत्साह दिखाते हुए रसोई के उपयोगी बर्तन बनाए। छात्र रितेश ने मिट्टी से ‘आईफोन’ मॉडल और आर्यन कश्यप ने की-पैड मोबाइल की अनूठी आकृति बनाई।

अवंतिका, जन्नत, महक और लक्ष्मी ने रंगोली के माध्यम से बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रधानाचार्य श्रीमती कुसुम वर्मा ने कहा, “इस समर कैम्प का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना विकसित करना है, जो पूर्णतः सफल हो रहा है। बच्चे सीखने के साथ-साथ आनंद का अनुभव कर रहे हैं और अपनी प्रतिभा को खुलकर प्रदर्शित कर रहे हैं। जो बच्चे पहले बोलने में संकोच करते थे, वे अब आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख रहे हैं।”

यह समर कैम्प निश्चित रूप से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

SPP BHARAT NEWS
Author: SPP BHARAT NEWS

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines